
खट्टा – मीठा
हम दोनों गाढ़े दोस्त बन चुके थे. कारन- होती मिलिट्री ट्रेनिंग में हमें पल-पल पर एक दूसरे की आवश्यकता पड़ती थी. और बिना एक दूसरे के सहारे के हम चल ही न पाते थे. ट्रेनिंग क्या थी – कि पूछो ही मत ! रात-दिन का रगड़ा था. कहते थे – तुम्हें ऑफिसर जो बनना है ! कुम्हार का घड़ा कच्चा रह जाए तो ….? देश के कर्णधार बनोगे …और ….
“नावेल प्रोफेशन है !” सूबेदार पंछी राम की बात याद हो आती. वो हमारे एन सी सी के संचालक थे. “क्या धरा है – बनिए की नौकरी में …?” उन का उल्हाना होता था. “आर्मी अफसर की तो बात ही अलग होती है !” उन का मानना था.
लेकिन ..अब पाला पड़ा था ….ड्रिल स्क़ुएर से ! कठिनाई के साथ ही पास कर पाए थे. ख़ुशी थी कि अब लिबर्टी पर जा सकते थे.
“यार, कल बेन हर देखनी है. ले ! टिकिट भी ले आया !” मुखी प्रसन्न था. “लंच भी बाहर ही करेंगे। बोर हो गए, पार्टनर !! इतना कष्ट तो …कभी …”
“अब तो मौज ही मौज है !” मैंने हंस कर कहा था. “इस के बाद तो ….!”
लिबर्टी से लौटे थे तो लेट हो गए थे. पिक्चर ही बहुत लंबी निकली। करते भी तो क्या ?
“मेरा हेयर -कट ….?” उछल पड़ा था , मुखी। मैंने भी एक दुःस्वप्न की तरह सामने खड़े संकट को ताड़ लिया था. “मेरी तो खाट खड़ी कर देगा , मुच्छड़ ..!” मुखी डर गया था. “अब ….?” उस ने मुझे घूरा था.
दोस्ती का वास्ता दिया था – उस ने , मुझे ऐसा लगा था.
“फिकर नॉट ….!” मैं लपका था. “ला, काट देता हूँ, तेरे बाल ! क्या साला नाइ काटेगा …?” मैं शेखी बघारना न भूला था.
और सच मानिए , मित्रो कि मैंने घंटों की मेहनत के बाद मुखी को ऐसा हेयर-कट दिया था – कि नाई का तो बाप भी नहीं दे सकता था ! हम दोनों अब प्रसन्न थे. खुश थे …क्यों कि संकट टल गया था.
लेकिन सुबह के उजाले में …यही संकट चौगुना हो , लौट आया था ! मुखी का तो हुलिया ही बिगड़ गया था ! लाख टोपी नीचे खींचने के बाद भी सब कुछ दिखाई दे जाता था. हम ड्रिल करने जा रहे थे. लेकिन डर था कि …
“मुच्छड़ तो भूल गया !” मुखी प्रसन्न था. “मैंने कहा – साव ! आप की मूंछें तो पृथवीराज चौहान की जैसी लगाती हैं ! तो खुश हो गया !!” मुखी साँस आते ही बता रहा था. “ये घंटा तो गया !”
जैसे ही दूसरा घंटा शुरू हुआ था ….हिरोशियो का आगमन हुआ था. सूबेदार हरनाम सिंह का नाम ‘हिरोशियो’ रखा हुआ था. आते ही हिरोशियो ने मुखी की टोपी उखाड़ फेंकी थी. “ये क्या है ….?” उस का प्रश्न था. “बाहर,बाहर …फाल आउट …!” उस ने आदेश दिया और मुखी स्क्वाड से बाहर आ सब के सामने बिना टोपी के खड़ा था ! जैसे किसी अवला की लाज़ लुट रही हो – मुखी उसी तरह से शर्मिंदा था.
“किस ने दिया है, ये हेयर -कट …?” हिरोशियो गर्जा था.
“साव ! जी सी वर्मा ने …!” कांपते-कांपते मुखी कह गया था.
“फाल आउट , जी सी वर्मा !!” हिरोशियो फिर से गर्जा था.
लो, अब मैं भी मुखी के साथ आ कर खड़ा हो गया था. और हमारी बदनसीबी भी तो देखिए कि अकेडेमी के एडज्यूटेन्ट – महाराज कुमार भवानी सिंह घोड़े पर सवार हो दृश्य पर प्रगट हुए थे ! उन्होंने भी नंगी आँखों उस मुखी के हेयर- कट को निहारा था ! हंसे तो नहीं थे …पर मुस्कराकर लौट गए थे।
“जी सी वर्मा ! आप यहाँ ऑफिसर बनने आए हैं , या नाई …?” हिरोशियो पूछ रहा था. “सेवन रेस्ट्रिक्शन्स फॉर बोथ ….!!” उस ने सजा सुना दी थी !
अब वहां न प्रश्न थे …और न उत्तर !!