
शमा
कहानी :-
लाल गुलाबों का गुलदस्ता लिए वह मेरे सामने खड़ा था !
"हैप्पी …वेलेंटाईन' स ….डे …..!!" उस ने मधुर मुस्कान के साथ कहा था . उस के कंठ-स्वर कोमल थे …..ग्राह्य थे ….मोतियों जैसे थे – चुनिन्दा …और अनमोल भी !
मेरा ये प्रथम परिचय था . पहली अनुभूति थी ….और एक विचित्र संयोग जब कोई पुरुष – इच्छा पुरुष मेरे सामने लाल गुलाबों का गुलदस्ता लिए खड़ा था …मुझे वेलेंटाईन'स डे विश कर रहा था ….और न जाने और भी क्या-क्या कह रहा था ! उस की आँखें चलायमान थीं ….चंचल थीं ….और मधुर मुस्कान के माध्यम से …बड़ी ही सावधानी से 'प्रेम-भाव' को संप्रेषित कर रही थीं . उस का सन्देश मुझे मिल रहा था ….लेकिन मैं थी कि कोई उत्तर न दे पा रही थी ! चकित ….भ्रमित …..और आंदोलित मृगी-सी मैं उस के सामने चुपचाप खड़ी थी !!
"मैं ….मधुर ….!" उस ने अपना परिचय दिया था . "आप की साथवाली कम्पनी में सिनिअर मेनेजर हूँ ." वह बता रहा था .
मैं चुप थी . मैं सामने खड़े मधुर को अभी भी सच्चाई नहीं मान रही थी . मुझे कोई कारण नज़र न आ रहा था ….'मधुर के लाल गुलाब भेंट करने का ' !! वेलेंटाईन डे तो था ….पर हमारा कोई पूर्व परिचय था कहाँ ….?
"शमा जी ! मैं ….आई ….मीन ….मैं …." मेरी चुप्पी का ताला तोड़ने में असमर्थ हुआ मधुर कुछ आगे भी कहना चाहता था . मुझे हैरानी तो हुई थी कि वह मेरा नाम जानता था पर ये कोई ख़ास बात न थी . "आई ….लव ….यूं ….!!" मधुर ने बड़े ही अनोखे अंदाज़ में कहा था .
इस बार तो आसमान ही टूट पड़ा था ! यह पहला ही मौका था जब किसी पुरुष ने मुझ से 'आई लव यूं ' कहा था ! यों तो न जाने कितनी-कितनी बार मैंने सोचा था कि कोई दिव्य पुरुष आये ….और मुझे चुरा कर ले जाए ! लेकिन जब आज कोई आ ही गया था ….और दस्तक दे ही रहा था ….तो फिर मेरे कदम जड़ क्यों हो गए थे ….? मेरे स्पंदन कहाँ गायब थे …? और मेरी वो कोमलतम भावनाएं …..आज मुंह छुपाए क्यों खड़ी थीं ….?
"लाल गुलाब आप को बहुत पसंद हैं , मैं जानता हूँ !" मधुर ने मेरी ओर गुलदस्ता बढाया था . "प्लीज , …..शमा जी …..!" उस ने मेरी आँखों में झाँका था . "प्लीज़ …! ना …न कह देना ….!!" उस का विनम्र आग्रह था . "ले लीजिए …..!!" उस ने मेरे हाथों में गुलदस्ता सौंपा था और जान कर मेरी उगलिओं का स्पर्श भी किया था !
"पा-जी , कहीं का ….!" मैं प्रत्युत्तर में कहना चाहती थी . "तेरी ये मजाल कि …..मुझे ….छू ले ……?" मैं उसे फटकार देना चाहती थी . लेकिन न जाने क्यों मेरी जुबांन आज तालू से जा चिपकी थी .
"फिर मिलते हैं ….!!" उस ने बड़े ही अदब से झुक कर मुझे सत्कार दिया था और चला गया था .
'हैप्पी ….वेलेंटाईन' स …..डे …..टू ……यू …!!' लोग कोरस में गाने लगे थे . भीड़ आंदोलित हो उठी थी . हर किसी के पास कुछ न कुछ था ! आज खाली हाथ तो मैं भी न थी !! लाल गुलाब के उस गुलदस्ते को अपनी कसी खोंपी में संभाले मैं एक असमंजस से भरती जा रही थी ! न अब मैं मधुर के बारे सोच रही थी ….और न ही अपने बारे में . में हुई इस घटना के बारे में ही सोचे जा रही थी ! यों अचानक कोई आएगा …..'आई लव यू …' कहेगा ….फिर गुलदस्ता देगा ….और चला जाएगा ….! पर क्यों …..?
फिर न जाने मुझे क्या हुआ था ….कि मेरे पैर हवा में उड़ने लगे थे …! मन था कि ….समुंदर में छलांगे लगा-लगा कर गा रहा था -'कोई मेरी जिन्दगी में ….आये…..!' मुझे अब हवा, रोशनी ,कोलाहल,कलरव …..सब एक सामान लगने लगा था ! मैंने 'लाल गुलाबों' के गुलदस्ते को चतुराई से संभाल लिया था ….स्वीकार लिया था …और अब बार-बार उसे ही देख कर हंसने लगी थी ! मधुर के किए मेरी उँगलियों के स्पर्श अचानक जीवंत हो बोलने लगे थे . और मधुर भी न जाने कैसे मेरे सामने आ खड़ा हुआ था ……
"आई ….लव ….यू ….!!" उस ने कहा था .
"आई ….लव ….यू ….!!" मैंने भी कहा था . हाँ, सच !! मैंने प्रतक्ष में कहा था , 'आई …लव …यू ….' पहली बार !!
………………………..
पर्व-विशेष की कहानी !!
…….
श्रेष्ट साहित्य के लिए – मेजर कृपाल वर्मा साहित्य !!
